फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। धनबाद पुलिस ने अंतर जिला गिरोह के छह अपराधियों को पकड़ा। 12 जनवरी की रात बरवाअड्डा जीटी रोड पर वॉल्वो इक्यूप्मेंट शोरूम के पास पुलिस की वर्दी पहन कर आए बदमाशों ने कंपनी के एक कर्मी को स्कॉर्पियो से अगवा कर कांड को अंजाम दिया था।

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर जीटी रोड से रेडियंट कैश मैनेजमेंट कंपनी के दो कर्मियों को अगवा कर चार लाख 32 हजार रुपए लूटनेवाला गिरोह धनबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा।
एसएसपी संजीव कुमार ने लूटकांड का उद्भेदन किया। उन्होंने बताया कि लूटपाट में आठ अपराधियों की भूमिका थी। रेडियंट कैश मैनेजमेंट के कर्मी विष्णु कुमार मंडल और दीपक कुमार चौधरी विभिन्न कंपनियों से रुपए कलेक्शन कर कल्याणपुर की तरफ जा रहे थे। विष्णु को स्कॉर्पियो पर बैठाने के बाद बदमाशों ने पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र में सुनसान जगह पर गाड़ी रोक कर उनसे लूटपाट की थी। उनका मोबाइल, एटीएम, पैन कार्ड और आधार कार्ड भी छीन लिए थे।
उन्होंने बताया कि लूटकांड के बाद उन्होंने डीएसपी अमर पांडेय की अगुवाई में पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने साहिबगंज, जामाताड़ा और टुंडी सहित अन्य जगहों पर छापेमारी कर छह आरोपियों को दबोचा। बाकी दो आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। आरोपियों से लूटे गए चार लाख 30 हजार रुपए, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, बुलेट, पैशन बाइक, पुलिस वर्दी, आठ मोबाइल सहित पीड़ित विष्णु का सारा सामान बरामद किया गया।
संताल परगना के अपराधियों को जोड़कर बनाया गैंग
पुलिस टीम में शामिल अमर पांडेय, गोविंदपुर सर्किल इंस्पेक्टर सुधीर प्रसाद और बरवाअड्डा थाना प्रभारी सुमन कुमार ने अन्य पुलिस अधिकारियों व जवान के साथ छापेमारी कर तीन दिनों में साहिबगंज के तलबन्ना निवासी बालकरण यादव उर्फ अमन यादव, साहिबगंज के रसूलपुर दहला मास्टर कॉलोनी निवासी कुंदन राम, साहिबगंज के पटनिया टोले के निक्कू राम, टुंडी के छाताबाद के उदय सिंह उर्फ गंगाधर सिंह, देवघर के कर्रो के डबुआ निवासी शेखर कुमार राय व जामताड़ा के करमाटांड़ के खैरबोना निवासी संजय कुमार राय को दबोचा। पुलिस को जानकारी मिली कि संताल परगना के बदमाशों को जोड़कर गैंग बनाया गया है।
साहिबगंज का बालकरण यादव है किंगपिन
एसएसपी ने बताया कि घटना के दिन बालकरण यादव ने ही पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। वह गैंग का मास्टरमाइंड है। उसके खिलाफ साहिबगंज में हत्या की भी प्राथमिकी दर्ज है। निक्कू शर्मा का भी आपराधिक इतिहास रहा है। गंगाधर ने लोकल लिंक की भूमिका निभाई थी। उसने अन्य लोगों के साथ विष्णु की रेकी की थी। हाल के दिनों में यह पहला मौका है, जब पुलिस ने लुटेरों के साथ लूट की पूरी रकम बरामद करने में सफलता पाई है।
Tags: