झारखंड में बंद रहेंगे अब हर महीने के तीसरे शनिवार को सरकारी स्कूल, विभाग ने जारी किए निर्देश

झारखंड के सरकारी स्कूलों में अब हर माह के तीसरे शनिवार को छुट्टी रहेगी। इस दिन न शिक्षक स्कूल आएंगे और न ही विद्यार्थी।

Update: 2022-08-09 02:48 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झारखंड के सरकारी स्कूलों में अब हर माह के तीसरे शनिवार को छुट्टी रहेगी। इस दिन न शिक्षक स्कूल आएंगे और न ही विद्यार्थी। पठन-पाठन का कार्य नहीं होगा। वहीं, अन्य शनिवार को जो पूर्व में हाफ डे स्कूल होता था, वह अब नहीं होगा। अब शनिवार को भी अन्य दिनों की अपेक्षा फूड डे क्लास का संचालन होगा। क्लास का संचालन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक होगा।

इसके लिए स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने निर्देश जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने इसकी अधिसूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया कि राजकीयकृत विद्यालयों में हर शनिवार को सामान्य दिनों में सुबह आठ बजे से 11 बजे तक कक्षा निर्धारित की गई थी। वहीं, मॉर्निंग की व्यवस्था में सुबह साढ़े छह बजे से साढ़े नौ बजे से कक्षाएं होती थीं। अब इसमें भी बदलाव कर दिया गया है। अब स्कूलों का संचालन शनिवार को भी अन्य दिनों के अनुसार ही होगा और फूड डे क्लास चलेगी। वहीं, हर माह के तीसरे शनिवार को स्कूलों में अवकाश रहेगा।
मांगों पर सहमति बनने पर शिक्षक संघों ने जतायी खुशी
हर माह तीसरे शनिवार को छुट्टी दिये जाने की मांग अखिल झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में की गई थी। सरकार की ओर से संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र चौबे, महासचिव राममूर्ति ठाकुर और मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने कहा कि पूर्व में शनिवार को साढ़े तीन घंटे की क्लास की जगह छह घंटे कर दिया गया था। संघ इस पर आपत्ति जतायी थी और इसके बाद तीसरे शनिवार को अवकाश की मांग की थी।
झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष आनंद किशोर साहू और प्रदेश महासचिव बलजीत कुमार सिंह ने भी सरकार के प्रति आभार जताया है। वहीं, एकीकृत सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के संजय दूबे, प्रद्युमन सिंह, ऋषिकेश पाठक, प्रशिक्षित सहायक अध्यापक के प्रमोद कुमार समेत अन्य शिक्षकों ने भी सरकार को धन्यवाद किया है।

Tags:    

Similar News

-->