रंगदारी केस में जेल जाने का लिया बदला, तनवीर की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश में तनवीर की गोली मारकर हत्या
रांची: रंगदारी के मामले में जेल जाने का बदला लेने के लिए तनवीर की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पिस्तौल भी बरामद की गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते तनवीर की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
वर्ष 2018 के रंगदारी मामले से जुड़ी हत्या की वजह
झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित गढ़ाटोली में तनवीर आलम उर्फ निक्की बाबू की 13 नवंबर की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में शांतिनगर निवासी 29 वर्षीय मोहम्मद शाहरुख को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2018 में तनवीर ने शाहरुख के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में शाहरुख को जेल जाना पड़ा था। जेल जाने के बाद से ही वह तनवीर से बदला लेने की फिराक में था।
घर से कुछ दूरी पर मारी गोली
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तनवीर और शाहरुख एक-दूसरे के दोस्त थे। शुक्रवार की रात दोनों तनवीर के घर से करीब 100 मीटर दूर एक बंद चाय दुकान में मौजूद थे। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथ पिस्तौल लेकर आया था। बातचीत और हंसी-मजाक के दौरान उसने कथित तौर पर तनवीर के सिर में पीछे से गोली मार दी।
पांच घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा आरोपी
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने शनिवार तड़के शाहरुख को गढ़ाटोली से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पत्नी के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर सदर थाने में कांड संख्या 516/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238(a) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।