बच्ची की हत्या का खुलासा: चाची समेत तीन गिरफ्तार; पुलिस ने बताई अंधविश्वास की बात
पुलिस जांच में सामने आई परिवार के तीन लोगों की भूमिका.
चतरा: झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चट्टी अनंतपुर गांव में नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बच्ची की चाची समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद और अंधविश्वास से जुड़े कारणों के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने बताया कि 11 नवंबर को सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत प्रतापपुर थाना में दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर प्रतापपुर थाना कांड संख्या 103/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चतरा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। लगातार जांच के दौरान 13 नवंबर को बच्ची का शव उसके घर से करीब 100 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ियों और धान के खेत से बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि बच्ची की चाची सोहरी देवी कथित रूप से ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने भैंसुर बिंदु भारती और बेटे जुगेश भारती के साथ मिलकर दीपावली की अमावस्या की रात बच्ची की हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्ची के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से विवाद की बात भी सामने आई है। मामले में सोहरी देवी, बिंदु भारती और जुगेश भारती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की अन्य संभावित वजहों की भी पड़ताल की जा रही है।