घाना : वेस्टर्न अफ्रीका का एक देश है घाना। जिसकी भारत से दूरी लगभग 9000 किलोमीटर होगी। लेकिन सोचिए वहां बैठा आदमी भी रांची के लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना लेता है। ऐसा एक मामला रांची के बरियातू थाने में आया है। दरअसल रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में रहने वाली एक शादीशुदा महिला को घाना देश के एक आदमी ने ठग लिया है। जिसका नाम है मॉरिस सिल्वर। मॉरिस की उम्र लगभग 43 साल है। उसे रांची पुलिस ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बता दें कि मॉरिस से पीड़ित महिला की दोस्ती सोशल मीडिया पर हुई थी। पहले दोनों में बातचीत शुरू हुई इसके बाद में बात प्यार मोहब्बत तक पहुंच गई। महिला मॉरिस की बातों पर विश्वास करने लगी। मॉरिस ने जब महिला को पूरी तरह से अपने घेरे में ले लिया तो उसने महिला को ठगना शुरू कर दिया।
घाना दूतावास को दी गई सूचना
मॉरिस महिला से कहता था कि वह मर्चेंट नेवी कैप्टन के पद पर है। अभी अपने घर से बाहर है। घर में उसके माता-पिता अकेले हैं। ऐसा बताकर मॉरिस ने महिला को कहा कि उसे तत्काल पैसे की जरूरत है। ताकि वह अपने माता-पिता को पैसे भेज सके। वह बाद में उसे वापस कर देगा। उसकी बातों में आकर महिला ने करीब डेढ़ लाख रुपए मॉरिस को भेज दिए। फिर बाद में वह तरह-तरह मजबूरी बताकर पैसे मांगने लगा। तब महिला समझ गई कि मॉरिस उसे ठगने का प्रयास कर रहा है। इसके बाद महिला ने 24 अप्रैल 2023 को बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला ने आरोपी को ट्रैप कर पकड़वाने की योजना तैयार की। महिला ने मॉरिस से बातचीत जारी रखी। जब मॉरिस ने फिर पैसे की मांग की तब महिला ने उसे कहा कि अभी उसके पास पैसे तो नहीं है। लेकिन उसके पास ढेर सारे सोने के गहने हैं। महिला ने नकली जेवरात की फोटो आरोपी को भेज दी और उससे कहा कि अगर तुम यह जेवर ले सकते हो तो आकर ले जाओ। इसके बाद मॉरिस टूरिस्ट वीजा पर भारत पहुंचा और महिला से संपर्क किया। महिला ने तत्काल इसकी जानकारी बरियातू पुलिस को दी। पुलिस तुरंत वहां पहुंची और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना गाना दूतावास को दे दी है।