मंगलवार को कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने सरकार से सिमडेगा में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने में मदद मांगी. सचिवालय में स्वास्थ्य सचिव सह विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह से अपने क्षेत्र एवं जिला के स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं पर चर्चा की. जिला में डॉक्टरों के कमी के बारे में बताया कि जिले में डॉक्टरों की घोर कमी है. जहां 114 डॉक्टर जिला में चाहिए, उसके स्थान पर मात्र 30 डॉक्टर ही उपलब्ध हैं. बहुत से ऐसे प्रखण्ड हैं, जहां एक भी चिकित्सक नहीं हैं.
उनके ही विधानसभा के बोलवा, बांसजोर प्रखण्ड में एक भी चिकित्सक नहीं हैं. जनता परेशान है. सदर अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है, जबकि जिला स्तरीय अस्पताल का दर्जा सिमडेगा के सदर अस्पताल को प्राप्त है. इसलिए सिमडेगा में चिकित्सक दिये जायें.
विधायक ने बताया कि जिला में कोरोना काल के समय सभी प्रखण्डों में बच्चों को सुरक्षित ईलाज के लिए पीकू वार्ड बनाया गया. स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के निर्देश पर भवन निर्माण विभाग के माध्यम से निविदा निकाल कर कार्य किया गया, किन्तु आज तक संवेदकों को एक रुपए का भी भुगतान नहीं किया गया है जो अति संवेदनशील मामला है. चूंकि सिमडेगा जिले के संवेदक बहुत मजबूत नहीं हैं, आर्थिक तौर पर कमजोर हैं जो किसी प्रकार निविदा कार्य को करते हुए अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं.
इधर उधर से पैसे का जुगाड़ करते हुए पीकू वार्ड के कार्य को सम्पादित किया है. इसलिए आग्रह है कि उन्हें पैसे का भुगतान करवाया जाये. इस विकास आयुक्त ने आश्वासन दिया. इस पर जिला उपायुक्त सिमडेगा से भी बात की.
Tags: