पलामू: झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में अपने घर के अंदर सो रहे एक किसान की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से मृतक की पत्नी रहस्यमय तरीके से गायब है।
मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के ढूब गांव निवासी गुणी भुइयां के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार की देर रात करीब 12 बजे के बाद परिजनों ने पुलिस को फोन पर इस घटना की सूचना दी। पुलिस की शुरुआती छानबीन में पता चला है कि जिस वक्त गुणी भुइयां की हत्या की गई, उस समय मृतक के दोनों बेटे घर के अंदर ही मौजूद थे।
घर के भीतर परिजनों की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की वारदात होने से ग्रामीणों की सुई अपनों की तरफ ही घूम रही है। शुरुआती संदेह के आधार पर लोगों का मानना है कि इस हत्या के पीछे किसी अपने या करीबी का ही हाथ हो सकता है, इस हत्याकांड का सबसे बड़ा और उलझा हुआ पहलू मृतक की पत्नी का फरार होना है। घटना के बाद से ही वह घर से गायब है।
पुलिस अब इस एंगल पर भी गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या इस खौफनाक वारदात में पत्नी खुद शामिल है, या फिर वह किसी डर के साए में घर छोड़कर भागी है? पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। परिवार के सभी सदस्यों और आसपास के लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह वारदात किसी पारिवारिक रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश छिपी है। पुलिस ने मंगलवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया है।
Tags: