Jharkhand Weather: झारखंड इन दिनों शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। वहीं आज भी प्रदेश में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
रांची स्थित आईएमडी केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, “झारखंड के ऊपर क्षोभमंडलीय स्तर पर उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगातार चल रही हैं जिसके कारण राज्य के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।” मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, झारखंड में गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग जिलों में 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गिया है। इन जिलों में हल्की शीतलहर हो सकती है। इसी प्रकार, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी के अनुसार, राज्य का सबसे कम, 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान खूंटी में दर्ज किया गया। इसके बाद डालटनगंज में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस और बोकारो में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, जिन जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, उनमें बोकारो, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार, डालटनगंज (पलामू), लोहरदगा, पाकुड़, रांची, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
बढ़ती ठंड को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। कोहरे के कारण सड़कों पर विजिबिलटी काफी कम हो सकती है। ऐसी स्थिति में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।