Jharkhand Firing: जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भूपतडीह में फायरिंग की घटना हुई है। यह घटना रविवार शाम को हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से एक खाली कारतूस बरामद किया है। यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा है।रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार शाम को जमुआ थाना प्रभारी को सूचना मिली कि भूपतडीह में गोलियां चली हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भूपतडीह पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी जुटाई। पता चला कि संतोष नाम के एक युवक ने हाल ही में जमीन खरीदी थी। 8 डिसमिल जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर उसका दूसरे गांव के दो लोगों से विवाद हो गया था। संतोष ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम को दो लोग उसके घर आए, उसे बाहर बुलाया और अपने साथ ले गए। वहां उसके सिर पर रिवॉल्वर के बट से मारा गया। संतोष ने यह भी आरोप लगाया है कि गोलियां चलाई गईं।
इस बीच, घटना की जानकारी मिलने पर एसपी डॉ. विमल कुमार ने खोरी महुआ एसडीपीओ, जमुआ इंस्पेक्टर और जमुआ थाना प्रभारी को साफ निर्देश दिया कि मामले की गहन जांच करें और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें। एसपी के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचे थे और एक खाली कारतूस बरामद किया था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। गोली चलाने वालों और दहशत फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।