Jharkhand Crime: गुमला जिले के कामडारा थाना इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अरहरा गांव से दो नाबालिग लड़कियों को किडनैप करके उनके साथ गैंगरेप किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। खबरों के मुताबिक, यह घटना कामडारा थाना इलाके के सालेगुटू पंचायत के कोयल नदी के किनारे बालाघाट इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि सिमडेगा जिले के बानो थाना इलाके के कुछ युवक सफेद बोलेरो कार से लापा बक्सपुर गांव में एक बारात में शामिल होने गए थे। बारात से लौटते समय इन युवकों ने अरहरा गांव के पास स्कूटर पर सवार दो नाबालिग लड़कियों और दो युवकों को देखा।
आरोप है कि बोलेरो में सवार युवकों ने स्कूटर का पीछा किया, अरहरा चौक के पास उन्हें रोका और उन्हें जबरन बोलेरो में बिठाने की कोशिश की। एक युवक भागने में कामयाब रहा, जबकि दो नाबालिग लड़कियों और एक अन्य युवक को किडनैप करके बालाघाट ले जाया गया। वहां चारों आरोपियों ने दोनों नाबालिग लड़कियों के साथ रेप किया।घटना के बाद दोनों लड़कियां किसी तरह भागने में कामयाब रहीं, जबकि उनके साथ किडनैप किया गया युवक नहीं भाग सका। बाद में आरोपियों ने उसे अरहरा गांव में छोड़ दिया। घटना की सूचना 112 पर दी गई, जिसके बाद कामडारा थाने की पुलिस हरकत में आई और छापेमारी शुरू की। पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सिमडेगा जिले के बानो थाना क्षेत्र के जराकेल गांव के रहने वाले अनमोल साहू, सोनू साहू और सुंदर साहू शामिल हैं। चौथा आरोपी कोलेबिरा थाना क्षेत्र के बरसलोया गांव का रहने वाला धर्मजीत उर्फ होल्डन है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से पूरी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।