Jharkhand: नशे के खिलाफ कार्रवाई, 10 करोड़ रुपये की ड्रग्स सहित महिला गिरफ्तार
Jharkhand झारखंड: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने 3.82 किलोग्राम 'ब्राउन शुगर' और 2.78 किलोग्राम अफीम जब्त कर एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए ड्रग्स की कुल कीमत 10 करोड़ रुपये है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित महिला तस्कर के आवास से 23.06 लाख रुपये नकद और अन्य सामान भी जब्त किया है।
चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को मधु कुमारी नामक महिला के आवास पर ड्रग्स की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली थी। अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया, "सूचना के आधार पर सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। बुधवार को टीम ने आरोपी महिला के घर पर छापेमारी कर 3.82 किलोग्राम 'ब्राउन शुगर', 2.78 किलोग्राम अफीम, ब्राउन शुगर उत्पादन में इस्तेमाल होने वाला 1.01 किलोग्राम सफेद पाउडर, 'एसिटाइल क्लोराइड' रसायन की चार बोतलें, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन तौलने वाली मशीन और 23.06 लाख रुपये नकद जब्त किए।
अधिकारी ने बताया कि महिला के खिलाफ पत्थलगड्डा थाने में भारतीय दंड संहिता और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।