Jharkhand झारखंड : झारखंड के धनबाद में रविवार शाम एक स्कूल के स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि उस समय स्कूल बंद था, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर के एचई हाई स्कूल में रविवार शाम अचानक आग लग गई। आग स्कूल के स्टोर रूम में लगी थी। देखते ही देखते कमरे से तेज धुआं और लपटें निकलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों की सतर्कता से आग स्कूल के अन्य हिस्सों में फैलने से बच गई।
बताया जा रहा है कि स्टोर रूम में पुरानी किताबें, फर्नीचर और अन्य बेकार सामान रखे हुए थे। यही वजह रही कि आग तेजी से फैल गई और कमरे का अधिकतर सामान जलकर राख हो गया। स्कूल के एक छात्र ने बताया कि रविवार होने के कारण स्कूल बंद था। अगर स्कूल खुला होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।