Lohardaga में क्रिकेट को बढ़ावा देने की पहल, आशीष कुमार ने धोनी और अजय शाहदेव से की चर्चा

Update: 2026-06-11 10:44 GMT

Jharkhand झारखण्ड : जिले में क्रिकेट के विकास और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से लोहरदगा निवासी पूर्व रणजी क्रिकेटर आशीष कुमार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने भारती क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव से मुलाकात कर जिले में क्रिकेट की संभावनाओं, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में मुख्य रूप से यह विचार किया गया कि कैसे जिले के युवा क्रिकेटरों को राष्ट्रीय और राज्य स्तर के मंचों तक पहुंचाने के लिए बेहतर ट्रेनिंग और आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकती हैं। आशीष कुमार ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जिले के युवा खिलाड़ियों में क्षमता की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें प्रशिक्षित करने और सही मंच देने की आवश्यकता है। इसके लिए उचित कोचिंग, प्रशिक्षित स्टाफ और आधुनिक खेल उपकरणों की जरूरत है।

इस दौरान लोहरदगा के ऐतिहासिक बलदेव साहू क्रिकेट टूर्नामेंट को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। यह टूर्नामेंट जिले में प्रत्येक दूसरे वर्ष आयोजित किया जाता है और स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय है। बैठक में तय किया गया कि इस टूर्नामेंट को और पेशेवर स्तर पर आयोजित किया जाएगा, ताकि युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और कोचों के मार्गदर्शन में खेलने का मौका मिल सके।

धोनी और अजय नाथ शाहदेव ने भी इस पहल को सराहा और भरोसा दिलाया कि झारखंड राज्य क्रिकेट संघ और अनुभवी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन से लोहरदगा जिले में क्रिकेट का स्तर और अधिक ऊँचा किया जा सकता है। उन्होंने आशीष कुमार से कहा कि युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए इस तरह की पहल बेहद महत्वपूर्ण है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी टूर्नामेंट में नए सत्र की शुरुआत में क्रिकेट से जुड़े कार्यशालाओं और सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचों और प्रशिक्षकों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य जिले में क्रिकेट के प्रति रुचि बढ़ाना और खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना है।

आशीष कुमार ने कहा कि इस तरह की पहल से न केवल खिलाड़ियों का स्तर सुधरेगा, बल्कि जिले के खेल संस्कृति को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अगले वर्ष बलदेव साहू क्रिकेट टूर्नामेंट में और अधिक टीमों और प्रतियोगिताओं को शामिल किया जाएगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को और अवसर मिलेंगे।

जिला प्रशासन और क्रिकेट संघ के सहयोग से यह प्रयास स्थानीय युवाओं के लिए क्रिकेट में करियर बनाने का मार्ग खोल सकता है और जिले को खेलों के मानचित्र पर एक पहचान दिला सकता है।

Tags:    

Similar News