Rajkot राजकोट : गुजरात के राजकोट जिले में शनिवार को एक हाईवे पर एक एसयूवी के पलट जाने से एक इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना जसदण तालुका के जंगवाड़ गाँव के पास देर रात करीब 1.30 बजे हुई, जब छात्रों का एक समूह दीव जा रहा था।
अटकोट थाने के निरीक्षक आर.एस. सकारिया ने बताया कि मृतकों की पहचान नरेश कोडावती (19), मोती हर्ष (17) और अफरीद सैयद (17) के रूप में हुई है। ये सभी आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे। उन्होंने कहा, "राजकोट स्थित आरके विश्वविद्यालय के 12 छात्रों का एक समूह छुट्टियाँ मनाने के लिए किराए की एसयूवी से तटीय शहर दीव जा रहा था।"
अधिकारी ने बताया कि वाहन चला रहे एक छात्र ने मोड़ पर वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन राज्य राजमार्ग पर पलट गया और उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि घायल हुए आठ छात्रों में से दो की हड्डी टूट गई और इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए राजकोट के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।