चारा घोटालाः लालू प्रसाद यादव आज रांची पहुंच रहे, 15 फरवरी को आएगा फैसला

बिहार झारखंड के प्रसिद्ध चारा घोटाला से एक मामले में 15 फरवरी को एक अहम फैसला आने वाला है।

Update: 2022-02-13 03:45 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिहार झारखंड के प्रसिद्ध चारा घोटाला से एक मामले में 15 फरवरी को एक अहम फैसला आने वाला है। डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में रांची की सीबीआई कोर्ट द्वारा फैसला सुनाया जाएगा। यह फैसला राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के लिए बहुत अहम है। इसके मद्देनजर लालू प्रसाद यादव आज रांची आ रहे हैं।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद रविवार दोपहर विमान से रांची पहुंचेंगे। उनके साथ राज्यसभा सांसद मीसा भारती, बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव, प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी व महासचिव श्याम रजक भी मौजूद रहेंगे। चारा घोटाले के डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में रांची का सीबीआई कोर्ट 15 फरवरी को फैसला सुनाएगा। सीबीआई कोर्ट ने सभी आरोपियों को इस दिन सशरीर अदालत में हाजिर होने का निर्देश दिया है। लालू प्रसाद इस मामले के आरोपी हैं। इसी सिलसिले में वह रांची पहुंच रहे हैं। लालू प्रसाद के रांची आगमन को लेकर राजद की ओर से भी तैयारी की जा रही है। पार्टी कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंच कर उनका स्वागत करेंगे।
बता दें कि अपने जमाने में चारा घोटाला बिहार का सबसे बड़ा घोटाला था। उस समय झारखंड भी बिहार में शामिल था। बिहार-झारखंड के कई जिलों के कोषागारों से पशु चारा के नाम पर 950 करोड़ रुपए की अवैध निकासी हुई थी। यह घोटाला 1996 में हुआ था। लालू प्रसाद यादव को इसकी वजह से सीएम की कुर्सी भी गंवानी पड़ी थी। वे जेल भी भेजे गये थे। इस मामले में पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्रा पर भी आरोप लगे थे। बिहार का चारा घोटाला पूरे विश्व में मीडिया की सुर्खियों में शुमार हुआ था।
Tags:    

Similar News

-->