खूंटी। सांसद अर्जुन मुंडा के जिला प्रतिनिधि मनोज कुमार ने विभागीय सांसद प्रतिनिधि ज्योतिष भगत के साथ शनिवार को उपायुक्त लोकेश मिश्र से मुलाकात कर जिले के सरकारी विद्यालयों की दयनीय अवस्था में सुधार लाने से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जानकारी दी गई है कि खूंटी प्रखंड अंतर्गत भंडरा पंचायत के बरबंदा एवं तिलमा पंचायत के तिलमा गांव में स्थित विद्यालय का भवन निर्माण कार्य पांच वर्ष पूर्व शुरू हुआ था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य अधूरा है। साथ ही वर्तमान में अड़की प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कुदा, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय साउरीहातू, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कुजबेड़ा, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय टोटकोरा, मध्य विद्यालय ससांग, मध्य विद्यालय रूगुड़डीह, मुरहू प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय कोनवा, रनिया प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय उलुंग, तोरपा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बरदा आदि विद्यालय ऐसे हैं, जो भवन विहीन रूप में संचालित हो रहे हैं। आजादी के अमृत वर्ष के कालखंड में भवन विहीन रूप में विद्यालयों का संचालन होना, जिले के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।