Jharkhand: खरसावां में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान जागरूकता सह ऋण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया. प्रखंड सभागार में आयोजित इस शिविर में बैंकों के प्रतिनिधियों ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), फसल बीमा और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी. कार्यक्रम में बताया गया कि प्राप्त 21 केसीसी आवेदनों को 15 दिनों के भीतर निपटाया जाएगा. साथ ही डिफॉल्टर किसानों के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना की जानकारी भी दी गई.
एलडीएम वरुण चौधरी ने किसानों को केसीसी खातों में नियमित लेन-देन करने पर ब्याज में छूट का लाभ बताया. उन्होंने कहा कि किसान समय पर बैंक ऋण लेकर और फसल बीमा कराकर अनौपचारिक स्रोतों पर निर्भरता कम करें. शिविर में कृषक ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई.
अधिकारियों ने कहा कि केसीसी योजना से किसान कम ब्याज पर ऋण लेकर कृषि जरूरतें पूरी कर सकते हैं और आर्थिक रूप से मजबूत बन सकते हैं. कार्यक्रम में कृषि पदाधिकारी, बैंक शाखा प्रबंधक और स्थानीय किसान मौजूद रहे.
किसानों ने शिविर में विभिन्न योजनाओं को लेकर अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनका मौके पर समाधान किया गया.