Jharkhand: रांची स्थित झारखंड के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) में बड़ा बदलाव हुआ है। संस्थान के निदेशक डॉ. राजकुमार का इस्तीफा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंजूर कर लिया है। इसके साथ ही सर्जरी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा को रिम्स का नया कार्यवाहक निदेशक नियुक्त किया गया है।
विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, डॉ. राजकुमार का त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया गया है। इस प्रस्ताव को विभागीय मंत्री सह शासी परिषद के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने मंजूरी दी। संस्थान के संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए डॉ. दीपेंद्र सिन्हा को अगले आदेश तक अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. राजकुमार ने गुरुवार सुबह स्वास्थ्य मंत्री को अपना इस्तीफा भेजा था। उन्होंने पत्र में निजी कारणों और स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला दिया। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने रिम्स की बेहतरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन उन्हें कार्य करने के लिए उचित माहौल नहीं मिल पाया।
इस्तीफे से एक दिन पहले सीआईडी की टीम ने रिम्स में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नामांकन से जुड़े मामले की जांच की थी। इस दौरान सीआईडी ने एडमिशन ब्लॉक, टेंडर फाइलों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की और करीब 7 से 8 घंटे तक पूछताछ की। इसमें निदेशक, डीन और चिकित्सा अधीक्षक से भी सवाल किए गए थे।
सूत्रों के अनुसार, इस पूछताछ के बाद डॉ. राजकुमार मानसिक रूप से असहज थे और उसी के बाद उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया। हालांकि आधिकारिक रूप से उन्होंने इसे व्यक्तिगत और स्वास्थ्य कारण बताया है।
नए कार्यवाहक निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा से अब संस्थान के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी संभालने की उम्मीद है। रिम्स प्रशासन ने कहा है कि अस्पताल की सभी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी और किसी भी कार्य में बाधा नहीं आने दी जाएगी।