जंगली ओल खाने से परिवार के 6 लोग इमरजेंसी वार्ड में भर्ती, जानें पूरा मामला
जंगली ओल खाने से मंगलवार को एक ही परिवार के छह लोग बीमार हो गए। सभी बेहोश हो गए।
फाइल फोटो
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। जंगली ओल खाने से मंगलवार को एक ही परिवार के छह लोग बीमार हो गए। सभी बेहोश हो गए। बलियापुर के शीतलपुर गांव में यह घटना मंगलवार की दोपहर को हुई। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद सभी को एसएनएमएमसीएच की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। यहां इलाज के बाद सबकी स्थिति में सुधार है। डॉक्टरों के अनुसार सभी फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए हैं।
क्या है पूरा मामला
घटना के बारे में बताया जाता है कि घर में जंगल से ओल लाया गया था। सुबह उसकी सब्जी बनी और घर के सभी सदस्यों ने उसे खाया। खाना खाने के बाद एक-एक कर सभी बेहोश होने लगे। कुछ को उल्टी होने लगी। उन्हें पेट दर्द की भी परेशानी हो रही थी।
परिवार के सभी लोग हुए बेहोश
तबीयत बिगड़ने के बाद रामदेव मुर्मू (28), आदित्य मुर्मू (12), सादमुनी देवी (38), राजीव मरांडी (12), अजय मरांडी (35) और द्रोपदी देवी (33) को इलाज के लिए बलियापुर सीएचसी में ले जाया गया। वहां उनका इलाज शुरू किया गया। तबीयत में सुधार नहीं होता देख सभी को सीएचसी से एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया। एसएनएमएमसीएच की इमरजेंसी में सभी को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। उनकी स्थिति में सुधार है। सभी को होश आ चुका है। डॉक्टर उनकी स्थिति खतरे से बाहर बता रहे हैं।