गिरिडीह में कुंए की सफाई करने उतरे 3 मजदूरों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत, एक की हालत गंभीर
झारखंड के गिरिडीह (Giridih) में कुंए की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की जहरीली गैस (Poisonous Gas) की चपेट में आने से मौत हो गई
झारखंड के गिरिडीह (Giridih) में कुंए की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की जहरीली गैस (Poisonous Gas) की चपेट में आने से मौत हो गई. जबकि एक अन्य की हालत गंभीर है. घटना देवरी थाना क्षेत्र के बरबाबाद गांव की है. मिली जानकारी के मुताबिक बरवाबाद गांव निवासी गिरिजा विश्वकर्मा के घर के कुएं का पानी गंदा हो जाने के कारण वो इसकी सफाई करवा रहा था. सफाई के काम में मजदूरों को लगाया गया था. कुएं से पानी निकालने के लिए उसमें डीजल पंप लगाया गया था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार की सुबह लगभग दस बजे चार लोग कुएं की सफाई करने के लिए कुएं के अंदर उतरे थे. पंप स्टार्ट करने के कुछ देर बाद कुएं में जहरीली गैस का रिसाव होने लगा जिससे चारों मजदूरों का दम घुटने लगा और वो अचेत हो गए. यह देख कर गांव में हड़कंप मच गया. चारों को आनन-फानन में कुएं से बाहर निकाला गया और जमुआ अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चौथे व्यक्ति का इलाज चल रहा है.
मृतकों के नाम महेश, सागर और अबोध है. वहीं, चौथे घायल मजदूर भिखारी विश्वकर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने मजदूरों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
देवरी थाना के प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि बरबाबाद गांव में एक गहरे कुंए की सफाई की जा रही थी, तभी जहरीली गैस के रिसाव से वहां काम कर रहे सभी चार मजदूर बेहोश हो गए. आस-पास के लोग मजदूरों को अस्पताल ले जा पाते, इससे पहले ही तीन ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य को इलाज के लिए धनबाद ले जाया गया है. उन्होंने बताया कि चौथा मजदूर अभी भी बेहोश है और उसकी हालत गंभीर है.