Vaishno Devi Yatra:मार्ग पर भूस्खलन, चट्टानें टूटकर गिरीं, चार श्रद्धालु घायल
Vaishno Devi Yatra: जम्मू-कश्मीर के कटरा में प्रसिद्ध वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। कटरा से माता वैष्णो देवी भवन जाने वाले रास्ते में बाणगंगा के पास अचानक भूस्खलन हो गया। इस हादसे में चार श्रद्धालु घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पैदल मार्ग से गुजर रहे थे। अचानक भारी पत्थर और मलबा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। चार श्रद्धालु मलबे में फंस गए।
तुरंत प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को कटरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से तुरंत एम्बुलेंस और मेडिकल टीम मौके पर भेजी गई। वहीं, जम्मू-कश्मीर पुलिस और श्राइन बोर्ड के जवान भी मौके पर राहत कार्य में लगे हुए हैं।
कटरा से वैष्णो देवी भवन जाने वाला यह मार्ग प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुलजार रहता है। सावन का महीना और सोमवार होने के कारण यात्रा मार्ग पर काफी भीड़ थी। ऐसे में अचानक हुआ यह भूस्खलन तीर्थयात्रियों के लिए भय का कारण बन गया है।
श्राइन बोर्ड के अधिकारी स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं और मार्ग को जल्द ही फिर से खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन करें।