Poonch: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास भारतीय सेना ने सतर्कता दिखाते हुए घुसपैठ की एक संदिग्ध कोशिश को विफल कर दिया है। सेना ने सीमा पार से भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने का प्रयास कर रही एक पाकिस्तानी महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और महिला के आतंकी कनेक्शन की गहनता से जांच की जा रही है।यह घटना पुंछ जिले के मेंढर उपमंडल की है।
सीमा पर तैनात जवानों ने आधुनिक निगरानी उपकरणों के जरिए एलओसी के पास एक संदिग्ध गतिविधि देखी। पकड़ी गई महिला का नाम शहनाज अख्तर है जो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के कोटली जिले के गिम्मा गांव की रहने वाली है। वह चोरी-छिपे भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रही थी तभी सतर्क जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर हिरासत में ले लिया।शहनाज अख्तर से हुई शुरुआती पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं जो सीधे तौर पर पाकिस्तानी सेना और आतंकी संगठनों की मिलीभगत की ओर इशारा करते हैं:
सूत्रों के अनुसार सीमा पार करने से ठीक पहले शहनाज पीओके में स्थित एक पाकिस्तानी सैन्य चौकी पर रुकी थी जहां पाक सैनिकों ने उसे नाश्ता कराया और आगे के लिए रवाना किया।जांच में पता चला है कि 'जेहन' नामक एक व्यक्ति ने उसे 1,000 रुपये दिए थे जिसके बाद उसने भारतीय सीमा में घुसने का रिस्क लिया।हाल ही में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का एक ऑडियो वायरल हुआ था जिसमें उसने अपनी महिला विंग में हजारों औरतों के शामिल होने का दावा किया था। एजेंसियां अब यह देख रही हैं कि क्या शहनाज जैश की महिला इकाई 'जमात-उल-मोमिनात' की सदस्य है।
Tags: