अमरनाथ यात्रा मार्ग पर सियासत तेज, भाजपा ने महबूबा मुफ्ती और तारिगामी पर साधा निशाना
धार्मिक भावनाओं और पर्यावरण के मुद्दे पर जिम्मेदार राजनीति की जरूरत: जसरोटिया
जम्मू: जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अभिजीत सिंह जसरोटिया ने अमरनाथ यात्रा मार्ग से जुड़े मुद्दे पर महबूबा मुफ्ती और मोहम्मद यूसुफ तारिगामी की टिप्पणियों की आलोचना की है। उन्होंने दोनों नेताओं पर धार्मिक भावनाओं और पर्यावरण संबंधी चिंताओं का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जसरोटिया ने कहा कि पर्यावरण संबंधी मामलों की जांच के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) जैसी सक्षम संस्थाएं मौजूद हैं। राजनीतिक नेताओं को संस्थागत प्रक्रियाओं का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने डल झील और वुलर झील के संरक्षण को लेकर भी विपक्षी नेताओं से सवाल किए। साथ ही वर्ष 2008 के अमरनाथ भूमि विवाद का उल्लेख करते हुए महबूबा मुफ्ती की भूमिका पर सवाल उठाए।
जसरोटिया ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण का सम्मान करते हुए जनहित को राजनीतिक हितों से ऊपर रखने की आवश्यकता है।