जम्मू-कश्मीर में एक दिसंबर से शुरू होगा भाजपा का ‘सेवा दूत अभियान’
जम्मू-कश्मीर भाजपा की विशेष कार्यशाला, 25 दिवसीय अभियान की रूपरेखा तैयार
जम्मू: जम्मू-कश्मीर भाजपा ने आगामी ‘सेवा दूत अभियान’ की तैयारियों को लेकर त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। यह अभियान एक से 25 दिसंबर तक प्रदेशभर में संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को पंजीकरण में सहायता प्रदान करना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा ने बताया कि अभियान जिला, मंडल, बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर चलाया जाएगा। सेवा दूतों को उनके गृह जिलों से बाहर विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। प्रत्येक सेवा दूत कम से कम पांच दिन हर मंडल में रहकर लोगों से संपर्क करेगा।
अभियान प्रभारी संजिता डोगरा ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समन्वयक नियुक्त किए गए हैं, जो अभियान की दैनिक प्रगति पर नजर रखेंगे। कार्यशाला में पदाधिकारियों ने जनसमस्याओं की जानकारी जुटाने, संगठनात्मक समन्वय और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अभियान का समापन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस पर होगा।