Pahalgam terror attack : वैष्णो देवी यात्रा में गिरावट जारी

Update: 2025-04-27 07:11 GMT
Pahalgam terror attack : पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद मां वैष्णो देवी के मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है। आम दिनों में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शनों के लिए आते थे, लेकिन सुरक्षा को लेकर आशंकाओं के चलते बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं का आना कम हो गया है। शनिवार शाम छह बजे तक 18 हजार 600 श्रद्धालु मंदिर के लिए रवाना हो चुके थे। जबकि इन दिनों रोजाना 40 हजार श्रद्धालु पवित्र नगरी पहुंचते थे। कटड़ा में होटल संचालकों, ट्रैवल एजेंटों और स्थानीय दुकानदारों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में यात्रा बुकिंग में 30-40 फीसदी की गिरावट आई है।
कटड़ा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी पहले जैसी भीड़ नजर नहीं आ रही है। वहीं होटलों और लॉज में भी पहले जैसी बुकिंग नहीं हो रही है। लेकिन वीकेंड पर खासकर शनिवार और रविवार को नजदीकी पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन उनकी संख्या भी पहले से काफी कम है। सुरक्षा को लेकर श्रद्धालु सतर्क हैं और फिलहाल बड़ी संख्या में आने से बच रहे हैं। कटरा से भवन तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीआरपीएफ, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
यात्रियों की स्क्रीनिंग और चेकिंग को और सख्त कर दिया गया है। ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहा है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से संदेश दिया जा रहा है कि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है और श्रद्धालु बिना किसी डर के दर्शन के लिए आ सकते हैं। इसके साथ ही स्थानीय व्यापारियों ने भी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे डरें नहीं और मां के दरबार में आकर आशीर्वाद लें। श्रद्धालुओं की संख्या में कमी का सीधा असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ा है।
होटल, टैक्सी सेवा, ऑटो, रेस्टोरेंट और दुकानों में ग्राहक कम आने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारी वर्ग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी और श्रद्धालुओं की संख्या में फिर से इजाफा होगा। दर्शन के लिए आए श्रद्धालु भी सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट नजर आ रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने प्रशासन पर भरोसा जताते हुए कहा कि मां वैष्णो देवी का आशीर्वाद ही उन्हें हर खतरे से बचाएगा और डरने की कोई जरूरत नहीं है।
Tags:    

Similar News