जम्मू में आज से झिरी मेला, बाबा जित्तू के दरबार में उमड़ेंगे लाखों श्रद्धालु
बाबा जित्तू के दर्शन के लिए पहुंचने लगे श्रद्धालु, प्रशासन अलर्ट
जम्मू: जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध वार्षिक झिरी मेले का आयोजन सोमवार से शुरू होने जा रहा है। बाबा जित्तू के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। जम्मू शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर जम्मू-अखनूर हाईवे स्थित झिरी गांव में आयोजित होने वाला यह मेला 3 दिसंबर तक चलेगा।
इस धार्मिक आयोजन में जम्मू-कश्मीर के अलावा पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
बाबा जित्तू को करीब 500 वर्ष पहले जमींदार के अत्याचारों के विरोध में अपने प्राणों की आहुति देने के लिए याद किया जाता है। उनकी बेटी बुआ कौरी की स्मृति से भी यह तीर्थ स्थल जुड़ा हुआ है।
मेले को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। जम्मू जोन के आईजीपी तेजिंदर सिंह, उपायुक्त मिंगा शेरपा और एसएसपी जोगिंदर सिंह ने मेला स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
प्रशासन ने चौबीसों घंटे चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस, डॉक्टर और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी भोजनालयों और खाद्य स्टॉलों पर अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और केंद्रीकृत कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। वाहनों की पार्किंग के लिए अतिरिक्त स्थान भी निर्धारित किए गए हैं।
आईजीपी ट्रैफिक एम. सुलेमान चौधरी ने यातायात प्रबंधन योजना की समीक्षा कर अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, वाहनों की सुचारू आवाजाही और पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मेले के दौरान सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्थाओं में सहयोग देने की अपील की है।