Jammu-Kashmir: जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बरनोटी इलाके के पास डीजल से भरा एक टैंकर अचानक पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। टैंकर के पलटते ही डीजल सड़क पर फैल गया, जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हाईवे की खस्ता हालत के कारण टैंकर अचानक अपना संतुलन खो बैठा और पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन टैंक से डीजल लीक होने लगा। स्थानीय लोगों ने एक ड्रम लाकर लीक हो रहे डीजल को बाल्टी में भरकर ड्रम में डाल दिया, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर इलाके को सील कर दिया गया और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए दूर रहने की हिदायत दी।
हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस प्रशासन की कड़ी मशक्कत के बाद टैंकर को हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका। स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए भारी वाहनों के लापरवाही से वाहन चलाने को जिम्मेदार ठहराया है और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Tags: