चित्रकला प्रतियोगिता में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सरदार पटेल को किया याद
सरदार पटेल की जयंती पर बच्चों ने कैनवास पर उकेरे प्रेरक विचार
जम्मू: अपनी कला के रंगों से राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश देते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) कठुआ के कक्षा 11वीं के विद्यार्थी सक्षम शर्मा ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। मुख्यालय 19 जेकेएपी आईआर, कठुआ की ओर से सिविक एक्शन प्रोग्राम (सीएपी) 2026-27 के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में सक्षम को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बटालियन मुख्यालय, चंगरां में आयोजित की गई जिसमें पांच स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा मुख्य अतिथि रहीं।
प्रतियोगिता का विषय ‘सरदार वल्लभभाई पटेल: भारत के लौह पुरुष, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रवाद’ था। डीपीएस कठुआ की ओर से कनिष्क शर्मा, सक्षम शर्मा, गोकुल कृष्ण, आश्वित, रितिका, अक्षिता, पायल राजपूत और मानवी बंदराल ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को दर्शाया। उनके साथ पीडब्ल्यू समन्वयक रुचि शर्मा भी मौजूद रहीं। विद्यालय की चेयरपर्सन एवं पूर्व विधायक कांता अंद्रात्रा, प्रशासक गौरी ठाकुर और प्रिंसिपल विवेक अरोड़ा ने सक्षम को उपलब्धि पर बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।