Jammu-Kashmir: शहीद कांस्टेबल के भाई ने कहा- मौका मिला तो 100 आतंकियों को मार गिराएंगे
Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए कांस्टेबल तारिक अहमद के भाई ने कहा है कि अगर उन्हें मौका मिला तो वह 100 आतंकियों को मारकर अपने भाई की मौत का बदला लेंगे। शोकाकुल परिवार के सदस्यों के अनुसार अहमद ने उनके साथ ईद मनाने का वादा किया था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क को खत्म करने के लिए पाकिस्तान को करारा जवाब देने का भी आह्वान किया। गुरुवार तड़के शुरू हुई मुठभेड़ में अहमद समेत चार पुलिसकर्मी शहीद हो गए और पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) संगठन के तीन आतंकी मारे गए। आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच शुक्रवार को दूसरे दिन भी गोलीबारी जारी रही।
शुक्रवार को रियासी जिले के चंबा में अहमद के पैतृक गांव में उनके घर पर विभिन्न धर्मों के सैकड़ों लोग शोक में परिवार का साथ देने के लिए एकत्र हुए। अहमद के चचेरे भाई नईम नाइज़ ने कहा, "हमें बहुत दुख है क्योंकि वह आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन हमें गर्व है कि उसने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। उसने हमारे साथ ईद मनाने का अपना वादा नहीं निभाया... वह रमजान के पवित्र महीने में स्वर्ग चला गया।" देश में ईद-उल-फितर 31 मार्च या 1 अप्रैल को मनाई जाने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में बार-बार पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमलों पर गुस्सा जाहिर करते हुए सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे नाइज़ ने कहा, "उन्होंने (आतंकवादियों ने) हमारे भाई को मार डाला। बदले में अगर हमें मौका मिला तो हम 100 आतंकियों को मार देंगे।"