Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के बिश्नाह में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनी। यह आवाज बम की थी। आपको बता दें कि कुछ दिन पहले भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर के बाद लोगों के घरों और खेतों में जिंदा बम मिल रहे हैं। इसी तरह रविवार दोपहर गांव अमीर नगर के खेतों में एक पाकिस्तानी बम मिला, जिसे देखकर किसानों ने बिश्नाह पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद बिश्नाह पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए पहले उस जगह को चारों तरफ से सील कर दिया, जिसके बाद उन्होंने बम निरोधक दस्ते को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरी सुरक्षा के साथ बम को वहां से उठाकर दूर खेतों में ले जाकर सावधानी से निष्क्रिय किया। इसे निष्क्रिय करते समय हुए धमाके की आवाज आसपास के 2 किलोमीटर के इलाके में सुनाई दी। जिससे लोगों को लगा कि शायद पाकिस्तान ने फिर से कोई बम फेंका है, जिससे वे डर गए। आपको बता दें कि संघर्ष विराम के बाद से ही हमारा बम निरोधक दस्ता बिश्नाह के आसपास के गांवों में जांच कर रहा है कि कहीं खेतों या अन्य जगह पर ऐसे जिंदा बम तो नहीं हैं, ताकि उन्हें निष्क्रिय किया जा सके।