Jammu-Kashmir: मछली पकड़ने गए 3 मजदूरों के साथ हादसा

Update: 2025-08-05 06:33 GMT
Jammu-Kashmir: राजौरी जिले के ढांगरी इलाके में सोमवार को मनावर नदी में मछली पकड़ते समय तीन प्रवासी मजदूर अचानक आई बाढ़ में फंस गए। इस घटना में 2 मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक लापता हो गया है। राहत एवं बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हैं। जानकारी के अनुसार, ढांगरी स्थित एक ईंट भट्टे पर काम करने वाले शमशाद पुत्र अबरार और अकरम पुत्र मोहम्मद इस्लाम, दोनों निवासी गंगा नगर उत्तर प्रदेश और प्रमोद कुमार निवासी बरकानिया उत्तर प्रदेश, सोमवार को मनावर नदी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तीनों मजदूर पानी में फंस गए।
शमशाद और अकरम को पुलिस और एसडीआरएफ ने किसी तरह बचा लिया, लेकिन प्रमोद कुमार नदी के तेज बहाव में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुँचीं और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में नदी-नालों के पास जाने से बचें, क्योंकि जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे जान का खतरा हो सकता है। जलस्तर अधिक होने और बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्यों में काफी दिक्कत आ रही है, वहीं अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है और लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
Tags:    

Similar News