Jammu-Kashmir : करीब 2 दशक से फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, अदालत ने दिए यह आदेश
Jammu-Kashmir : जम्मू (रूरल) पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो पिछले 19 साल से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, खास जानकारी मिलने पर थाना घरोटा की एक टीम ने आरोपी अब्दुल राशिद, पुत्र गुलाम कादिर, निवासी जेबन मटिपोरा, जिला कुलगाम, को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ FIR नंबर 172/1994 दर्ज था, जिसमें RPC की धाराएं 353, 336, 337, 147, 148, 120-B, 307, 324, 511, 332 शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस टीम ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए उसे उसके इलाके से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने उसे अंबफल्ला जिला जेल में न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। जम्मू (रूरल) पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और कानून से भागने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।