J&K जम्मू एवं कश्मीर : शुक्रवार को एक वीडियो वायरल होने के बाद आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, जिसमें एक धर्म विशेष के तीन प्रचारकों पर पुलिस की मौजूदगी में एक वाहन के अंदर हमला किया गया था। हमलावरों ने ईसाई प्रचारकों पर स्थानीय निवासियों का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया था। पुलिस ने बताया कि दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रचारकों को मामूली चोटें आई हैं। कठुआ की एसएसपी मोहिता शर्मा ने कहा, "कठुआ जिले के राजबाग पुलिस स्टेशन के अंतर्गत जुथाना इलाके में एक वाहन में यात्रा कर रहे प्रचारकों पर लाठियों से लैस युवकों के एक समूह ने हमला किया। वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मियों की मौजूदगी दिखाई दे रही है, जो हमलावरों को तुरंत रोकने में नाकाम रहे।"

उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी रवींद्र सिंह ठेला और उसके साथियों, जिनकी पहचान रवींद्र सिंह, रोहित शर्मा और सिमरनजीत सिंह के रूप में हुई है, के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसएसपी के अनुसार, रवींद्र सिंह ठेला और रोहित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बाकी संदिग्धों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। वीडियो में, रविन्द्र सिंह ठेला के नेतृत्व में हमलावरों ने गालियां भी दीं और प्रचारकों से पूछा कि उन्हें भोले-भाले लोगों का धर्म परिवर्तन करने का अधिकार किसने दिया।
Tags: