पंडोह। ऑनलाइन ठगी करने वाले आए दिन ठगी करने के नए-नए तरीके ईजाद कर रहे हैं। ताजा मामले में ठगबाजों ने एक गर्भवती महिला को अपना शिकार बनाया और इसके लिए उन्होंने आशा वर्कर का सहारा लिया। मामला शिवाबदार के शिल्हा गांव का है। आशा वर्कर को 62072-19205 नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को हैड ऑफिस का कर्मचारी बताते हुए एक गर्भवती महिला की जानकारी ली। उसके बाद उसने गर्भवती महिला को फोन किया और आशा वर्कर को कॉन्फ्रैंस पर लिया। ठगबाज ने गर्भवती महिला से उसे आशा वर्कर द्वारा दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। दोनों महिलाएं ठगबाज को भांप नहीं पाईं और उसके झांसे में आकर यही सोच बैठीं कि सच में यह हैड ऑफिस से ही फोन आया हुआ है।
दोनों को विश्वास में लेने के बाद ठगबाज ने बताया कि गर्भवती महिला को सरकारी योजना के तहत 12500 रुपए की राशि दी जाएगी और उसे अभी ऑनलाइन ट्रांसफर किया जा रहा है। उसने महिला के नंबर पर गूगल पे से एक रुपया भेजा और बाद में एक लिंक भेजकर पे बटन पर क्लिक करवाकर आगे की डिटेल भरने को कहा। इस तरह गर्भवती महिला के खाते से 12500 की राशि निकाल ली गई। गर्भवती महिला के पति संजय कुमार ने इस संदर्भ में थाना प्रभारी मंडी सदर को ऑनलाइन शिकायत भेजकर मामले पर कार्रवाई और पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है। मंडी सदर थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि ठगी के इस तरह के मामलों में लगातार बढ़ौतरी होती जा रही है। ठगबाज लोगों को नए-नए तरीकों से ठग रहे हैं, ऐसे में लोगों को खुद सावधानी बरतने की जरूरत है। इस मामले में भी शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।