Himachal : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बाल-बाल बच गया। हादसा भंजराडू बस स्टैंड के पास उस समय हुआ जब एक निजी बस बीच सड़क पर पलट गई। बस में करीब आठ यात्री सवार थे। बस स्टैंड से करीब 200 मीटर दूर पलटने पर यह हादसा हुआ। इस हादसे में गनीमत रही कि बस सड़क से नीचे नहीं गिरी, क्योंकि अगर ऐसा होता तो गहरी खाई में गिरकर गंभीर हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि हादसे की वजह बस का ब्रेक फेल होना था। भंजराडू बस स्टैंड से नीचे उतरते समय बस का ब्रेक खराब हो गया, जिससे बस का नियंत्रण चालक के हाथ से निकल गया और बस पलट गई। हालांकि बस चालक की सूझबूझ और सतर्कता के कारण एक और बड़ा हादसा टल गया। चालक ने बहादुरी दिखाते हुए बस को पहाड़ी पर चढ़ा दिया, जिससे बस सड़क पर पलट गई और बड़ा हादसा होने से बच गया। चालक की तत्परता और साहस से न केवल उसकी और यात्रियों की जान बच गई, बल्कि एक बड़ी दुर्घटना भी टल गई।