Una: तेंदुए से बकरी को बचाने के लिए खाई में कूदा युवक, घायल Una: A young man jumped into a ditch to save a goat from a leopard, got injured
Una ऊना: चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव घंगरेट में वीरवार को एक युवक तेंदुए से बकरी को बचाते हुए बेहोश हो गया। प्रधान वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि वार्ड नंबर-3 का अमित कुमार अपनी बकरी के साथ घास लेने जा रहा था। रास्ते में अचानक झाड़ियों से एक तेंदुआ निकलकर आया और बकरी पर हमला कर दिया। बकरी को बचाने के लिए उसने तेंदुए पर डंडे से हमला किया और नीचे खाई में कूद गया। बकरी तो बच गई लेकिन अमित कुमार जंगल में बेहोश हो गया। पीड़ित अमित कुमार के पिता पंचायत में चौकीदार का काम करते हैं।
काफी देर तक बेटे को घर पर न देखकर पिता ने गांव वालों को उसके घर पर न होने की बात बताई। जब सभी गांव वाले मौके पर पहुंचे तो देखा कि युवक बेहोश पड़ा था। उन्होंने उसे चारपाई पर लिटाया और सड़क किनारे ले जाकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के बाद उसे वापस घर भेज दिया गया। इससे पहले भी इन जंगलों में घरों के आसपास ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। तेंदुए पालतू कुत्तों को अपना शिकार बना चुके हैं। इस घटना में अमित कुमार पूरी तरह से डरा हुआ है। प्रधान वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि तेंदुए को ग्रामीणों ने पहले भी कई बार देखा है। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो सके।
वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी कई बार वन विभाग से बात की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। रेंज अधिकारी भरवाईं पूर्ण चंद का कहना है कि विभाग को अभी इस बारे में पता चला है। डिप्टी रेंजर भरवाईं सचिन धीमान के नेतृत्व में वन विभाग की टीम इस क्षेत्र का दौरा करेगी और तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाएगी, ताकि भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो सके।