धर्मशाला। शनिवार रात को आए तेज तूफान से राजकीय सीनियर सकेंडरी स्कूल डाढ़ में चलती गाड़ी पर एक पेड़ आ गिरा। हादसे में गाड़ी में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हुआ है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान बलदेव कुमार उर्फ काकू (49) पुत्र ईश्वर दास निवासी मलां तहसील नगरोटा बगवां और घायल की पहचान महेश ठाकुर के तौर पर हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय बलदेव कुमार जदरांगल में अपने रिश्तेदार को छोड़ने गया था। रिश्तेदार को छोड़ने के बाद वह मलां की तरफ वापस अपने घर जा रहे थे। इस दौरान महेश ठाकुर भी उसके साथ। इसी बीच तेज तूफान के चलते अचानक से डाढ़ के पास एक पेड़ उनकी गाड़ी पर आ गिरा। इस हादसे में बलदेव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि, महेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत टांडा अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने बलदेव को मृत घोषित कर दिया जबकि महेश ठाकुर का इलाज जारी है।