Solan: व्यक्ति से 50 लाख रुपये की ठगी, जालसाज ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
Solan सोलन: सरकार और पुलिस लगातार लोगों को साइबर क्राइम से बचने के लिए जागरूक कर रही है, लेकिन फिर भी लोग शातिर लोगों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नालागढ़ में सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ब्लैकमेलिंग का शिकार होकर 50 लाख रुपये गंवा बैठा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नालागढ़ में रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसे एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने धमकी दी कि अगर उसने दिए गए यूपीआई नंबर और मोबाइल नंबर पर पैसे जमा नहीं करवाए तो वह उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें उसके रिश्तेदारों को भेज देगा।
इस धमकी से डरकर व्यक्ति ने 22 दिसंबर 2024 से 6 मई 2025 के बीच कॉल करने वाले द्वारा बताए गए नंबरों पर कुल 50 लाख रुपये भेज दिए। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि यदि उनके मोबाइल फोन पर कोई ऐसी धमकी भरी कॉल आए, जिसमें कॉल करने वाला व्यक्ति पैसे या कोई व्यक्तिगत जानकारी मांगे तो किसी भी हालत में कोई जानकारी न दें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।