Shimla शिमला: एक नेपाली मजदूर पर झारखंड के दूसरे मजदूर ने गुस्से में चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी ने उसकी पीठ पर तीन बार वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल मजदूर का आईजीएमसी में उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला राजधानी शिमला के ढली थाना क्षेत्र के शानन में पेश आया, जहां 3 मजदूर शराब पीने बैठे थे और हमलावर युवक बातचीत के बीच में ही भड़क गया और नेपाली मजदूर पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित अर्जुन बुद्ध (21) पुत्र ओम लाल निवासी भागचोर-10 नगर पालिका जिला सल्याना लंबानी नेपाल का रहने वाला है और शिमला में मजदूरी करता है।
मामले के अनुसार घटना के समय वह अपने चचेरे भाई कृष्ण और एक अन्य युवक निहाल मिंज (19) पुत्र माइकल निवासी झारखंड, निवासी गांव व डाकघर आमगांव तहसील व जिला गुमला झारखंड के साथ बैठकर बातें कर रहा था। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और निहाल ने अचानक अर्जुन पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित अर्जुन ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 25 फरवरी की रात वह अपने साथी मजदूरों के साथ काम खत्म कर घर लौट रहा था। इस दौरान वह अपने चचेरे भाई कृष्णा और आरोपी निहाल मिंज के साथ शानान में बैठा हुआ था। तीनों आपस में बात कर रहे थे कि अचानक निहाल आक्रामक हो गया और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते निहाल ने अर्जुन पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी पीठ पर तीन वार किए।
यह देख वहां मौजूद अन्य लोग डर गए और आरोपी निहाल मौके से भाग गया। घटना के बाद अर्जुन को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। अर्जुन की शिकायत पर पुलिस ने भादंसं की धारा 115 (2), 118 (2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि मारपीट की असली वजह क्या थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि तीनों लोग एक ही जगह मजदूरी करते थे और एक-दूसरे से परिचित थे। इस बात की भी जांच की जा रही है कि हमले के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या कोई और कारण।