Shimla शिमला: उप तहसील हलोग धामी के अंतर्गत आने वाले सोलहमिल स्थान पर बिजली का झटका लगने से हरविंदर सिंह पुत्र रविंदर सिंह गांव ट्रिपल, डाकघर देहरा जिला कांगड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक विद्युत उपमंडल हलोग धामी में बतौर टीमेट कार्यरत था। मृतक की उम्र करीब 29 वर्ष थी तथा करीब डेढ़ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। सूत्रों के अनुसार हरविंदर सिंह एक घर में नया मीटर लगाने गया था जहां ऊंचाई से फिसलने के कारण हरविंदर का हाथ एलटी लाइन से टकरा गया।
हरविंदर को जोरदार बिजली का झटका लगा तथा वह जमीन पर गिर गया, जिससे हरविंदर के सिर के पिछले हिस्से व नाक पर भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत हरविंदर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलोग धामी पहुंचाया जहां डॉ. मोनिका ने हरविंदर की जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस चौकी धामी के प्रभारी राजेश पाल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजने की कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।