शिमला: हिमाचल प्रदेश में 15 अक्टूबर तक कई हिस्सों में बारिश, अंधड़ और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट है। कुछ स्थानों पर आज ओलावृष्टि की भी आशंका है। 16 और 17 अक्टूबर को भी राज्य के कुछ क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान लाहौल-स्पीति सहित जनजातीय क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ रहा है। आज कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 18 से 20 अक्टूबर तक राज्य में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ है और धूप खिली है। हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ गई है। लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी के अलावा किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री, मनाली में 8.4 डिग्री, भुंतर में 11.0 डिग्री और कुफरी में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य के अन्य प्रमुख स्थानों की बात करें तो सोलन में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री, पालमपुर में 13.0 डिग्री, भरमौर में 13.0 डिग्री, चंबा में 13.2 डिग्री और शिमला में 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में तापमान 14.4 डिग्री, ऊना में 14.8 डिग्री, कांगड़ा में 15.2 डिग्री, मंडी में 15.3 डिग्री और बिलासपुर में 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री, सराहन में 17.8 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 19.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा। ताबो में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की बुधवार की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। तापमान सामान्य से औसतन 1.3 डिग्री अधिक रहा। अधिकांश मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज नहीं हुई। सराहन में एक मिलीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक कई जिलों में आंधी, बिजली कड़कने और बारिश की आशंका जताई है। 16 और 17 अक्टूबर को भी कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है, हालांकि इन दोनों दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 18 से 20 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है।

Tags: