प्रतिभा सिंह ने कहा- लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों का जल्द ऐलान करे आलाकमान

Update: 2023-09-30 16:22 GMT
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (HPCC Chief Pratibha Singh) ने महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण (Women Reservation) देने का श्रेय केंद्र में कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों को देते हुए कहा है कि उन्हें खुशी होगी, अगर हिमाचल में ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को चुनाव लड़ने का मौका मिले। उन्होंने राज्य के पहाड़ी और दुर्गम होने को देखते हुए पार्टी आलाकमान से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों (Early Declaration Of Candidates For Next Lok Sabha Election) का जल्दी ऐलान करने का आग्रह किया है।
शनिवार को मीडिया से मुखातिब प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्होंने यह मांग हाल में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में भी उठाई है। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार का महिला आरक्षण बिल को पारित करवाने के लिए शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि महिला उम्मीदवारों को टिकट मिलना इस बात पर भी निर्भर करता है कि उनमें चुनाव जीतने की कितनी क्षमता है।
महिला आरक्षण बिल कांग्रेस की देन
प्रतिभा सिंह ने कहा कि जिस महिला आरक्षण बिल को पास कराने का श्रेय केंद्र सरकार ले रही है, वह असल में कांग्रेस की देन है। महिलाओं को आरक्षण देने का श्रेय पूर्व पीएम स्वर्गीय राजीव गांधी को जाता हैं। कांग्रेस पार्टी ने ही महिला आरक्षण बिल का आधार रखा था। राजीव गांधी ने ही महिलाओं को पंचायत और स्थानीय निकायों (Panchayat And Local Bodies) में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। राजीव गांधी संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का बिल लेकर आए। सोनिया गांधी ने भी इसके लिए आवाज बुलंद की, लेकिन दुर्भाग्यवश बिल पास नहीं हो सका।
कांग्रेस सेवादल को मिले पूरा सम्मान
प्रतिभा सिंह ने कहा है कि संगठन के नेताओं को सरकार में कोई मान-सम्मान मिले, इसके लिये सीएम से आग्रह किया जाएगा। प्रतिभा सिंह ने शनिवार को राजीव भवन में सेवादल की समीक्षा बैठक में मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने सेवादल की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि यह कांग्रेस की रीढ़ है और इसे पूरा सम्मान दिया जाना चाहिए। संगठन के सभी कार्यो में सेवादल का अहम योगदान रहता हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में संगठन के लोगों की बहुत ज्यादा जिम्मेदारी बढ़ जाएगी। प्रतिभा सिंह ने सेवादल की पीठ थपथपाते हुए कहा कि इस संगठन ने हमेशा से कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए विकट परिस्थितियों में भी सराहनीय कार्य किये हैं।
Tags:    

Similar News

-->