न्यूज़ क्रेडिट : .divyahimachal.com

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से अनाथ बच्चों को सहारा प्रदान करने के लिए नई योजना मिशन वात्सल्य का आगाज किया गया है, जिसकी नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। इसके तहत अब मिशन वात्सलय में अनाथ बच्चों को प्रतिमाह चार हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही कोविड में माता-पिता खोने वाले बच्चों को दस लाख की एफडी और 20 हजार स्कॉलरशिप के लिए प्रतिवर्ष प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा नई योजना में छह हजार हर महीने रहन-सहन के लिए भी बच्चों को प्रदान किए जाएंगे। मिशन वात्सल्य योजना की नोटिफिकेशन केंद्र सरकार की ओर से जारी कर दी गई है, अब जल्द ही लागू कर दी जाएगी। अब तक रिश्तेदारों के साथ रहने वाले अनाथ बच्चों को 2500 रुपए प्रतिमाह प्रदान किए जाते थे, लेकिन अब हर माह मिशन वात्सल्य के तहत चार हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।

जिला कांगड़ा में मौजूदा समय में 175 के करीब अनाथ बच्चे हैं, जो कि अपने रिश्तेदारों के साथ रहते हैं, जिन्हें यह सुविधा प्रदान की जाएगी। वहीं, कुछेक अनाथ बच्चों को होस्टल में रखने की भी उचित व्यवस्था की गई है, जिसमें पढ़ाई सहित उनके रहन-सहन का बंदोबस्त सरकार की ओर से किया जा रहा है। इसके अलावा क केंद्र व प्रदेश सरकार की योजना के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग व चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सहयोग से काम कर रही है। इसमें दस लाख की एफडी एक समय में ही बच्चों के नाम की जा रही है। जिला कांगड़ा में नौ परिवार के बच्चे इसमें शामिल हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता महामारी में खोए हैं। साथ ही एग्रेसिया के रूप में 50 हजार की राहत तुरंत प्रभाव से जारी कर दी गई है।
बच्चों को साइबर क्राइम पर करेंगे जागरूक
जिला चाइल्ड वेलफेयर कमेटी कांगड़ा के चेयरमैन सचिन शर्मा ने बताया कि मिशन वात्सल्य की नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है, जल्द ही इसके तहत बच्चों को सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण, साइबर क्राइम या उत्पीडऩ होने पर 1098 पर कॉल करके उसकी मदद करने के लिए टीमें मौजूद रहेंगी। वहीं उन्होंने कहा कि बच्चों को साइबर क्राइम पर जागरूक किया जाएगा।

Tags: