मनीष सिसोदिया ने किया ये एलान, AAP के नए प्रदेश अध्यक्ष बने सुरजीत सिंह

सुरजीत सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी का नया राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया गया

Update: 2022-06-07 08:43 GMT
सुरजीत सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी का नया राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मंगलवार को शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पुराने संगठन को भंग कर नई टीम का एलान किया। कहा कि यह टीम हिमाचल में शानदार स्कूल, स्वास्थ्य सेवाएं, युवाओं के लिए रोजगार पर काम करेगी व पर्यटन को आगे बढ़ाने व हिमाचल की तस्वीर को बदलने के लिए काम करेगी। टीम अरविंद केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस के लिए समर्पित रहेगी। इस दौरान पार्टी के नए सह प्रभारी संदीप पाठक भी मौजूद रहे। मूलरूप से सिरमौर जिले के राजगढ़ से संबंध रखने वाले सुरजीत सिंह ठाकुर ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया।
कहा कि पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक आम कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर उनपर विश्वास जताया है, जिस पर वह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। सत्येंद्र जैन मामले पर मनीष सिसोदिया ने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि इस केस में सीबीआई सात साल में एक पैसे तक की बेईमानी साबित नहीं कर पाई। कहा कि आप में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा। कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। प्रदेश में स्कूलों को बंद किया जा रहा है। आप हिमाचल में शिक्षा के मुद्दे पर काम करेगी।
18 हजार गांवों में कमेटियां बनाईं
सह प्रभारी संदीप पाठक ने कहा कि प्रदेश के 18 हजार गांवों में पार्टी ने कमेटियां बना ली हैं। प्रदेश, जिला व ब्लॉक स्तर के संगठन में करीब 400 पदाधिकारियों की घोषणा आज की जा रही है। वहीं पंचायत व गांवों के स्तर के संगठन में पदाधिकारियों का एलान आने वाले दिनों में होगा। कहा कि 3615 पंचायतों में संगठन की पहुंच है।
आप के नए प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर


 


Tags:    

Similar News

-->