Mandi मंडी: बालीचौकी के जीरो चौक से गुजरने वाले एनएच पर एक क्षतिग्रस्त 3 मंजिला इमारत सड़क पर गिर गई है, जिसके कारण एनएच-305 को भारी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए, वहीं सुरक्षा की दृष्टि से बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने तुरंत प्रभाव से बिजली काट दी। इमारत गिरने से बिजली बोर्ड की तारें भी क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर गईं। इस इमारत में 5 दुकानें थीं, जिन्हें प्रशासन ने समय रहते पहले ही खाली करा लिया था।
ऐसे में अब एनएच के दूसरी ओर बनी इमारतों को भी खतरा पैदा हो गया है, वहीं अन्य क्षतिग्रस्त इमारतें भी गिरने की कगार पर हैं। यह घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। एनएच किनारे सड़क पर चल रहे लोगों ने क्षतिग्रस्त इमारत से कुछ आवाज सुनी, जिसके बाद सड़क के दूसरी ओर रहने वाले भवन मालिकों को भी इस इमारत के गिरने की सूचना मिली। कुछ ही देर में यह 3 मंजिला इमारत सड़क पर गिर गई। इससे करीब 1 घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत रही कि इमारत गिरने पर कोई वाहन उसके नीचे नहीं आया। उधर, एसडीएम बालीचौकी देवी राम ने बताया कि एनएच पर पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है, क्योंकि अन्य इमारतें भी गिरने की कगार पर हैं।
Tags: