Kulluकुल्लू: जिला मुख्यालय शांगरीबाग के पास फोरलेन सड़क भूस्खलन की चपेट में आ गई है। यहां लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण खतरा बना हुआ है। ऐसे में कभी भी वाहन भूस्खलन की चपेट में आ सकते हैं। हालांकि भूस्खलन को रोकने के लिए दीवार भी खड़ी की गई थी, लेकिन वह भी भूस्खलन के कारण फोरलेन सड़क पर गिर गई है। यहां पानी का रिसाव हो रहा है, जिसके कारण दीवार के ऊपर लगी क्रेटवॉल का कुछ हिस्सा सड़क पर गिर गया है। इतना ही नहीं कुछ हिस्सा गिरने की कगार पर है। ऐसे में सड़क संकरी हो गई है। वाहनों के लिए भी जोखिम भरी स्थिति बन रही है।
अगर संबंधित विभाग भूस्खलन को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाता है तो मलबा फोरलेन के दूसरी तरफ भी नुकसान पहुंचा सकता है। घाटीवासी देवराज नेगी, संजीव ठाकुर, चमन, राकेश ठाकुर, चुनी लाल ठाकुर, धनदेव, सुनील, बुध राम, कुलदीप, रेवत राम, वेद राम, हरीश, हीरा लाल, कमल ठाकुर व राजीव आदि ने बताया कि इस फोरलेन सड़क से मनाली के लिए वाहन जाते हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों यहां से बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन भी गुजर रहे हैं। जिला कुल्लू के लोग भी इसी सड़क से वाहनों व बसों में सफर करते हैं। उन्होंने बताया कि लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
जुलाई 2023 में कुल्लू घाटी में आई भयंकर आपदा के दौरान यहां फोरलेन की दीवारें ढह गई थीं। हैरानी की बात यह है कि लंबा समय बीत जाने के बाद भी अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। भूस्खलन को रोकने के लिए जल्द ही कोई समाधान निकाला जाना चाहिए, ताकि यहां भारी नुकसान न हो।
एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला का कहना है कि शांगरीबाग में देवधार के पास क्षतिग्रस्त फोरलेन की दीवार का जल्द ही पुनर्निर्माण किया जाएगा। कुछ समय पहले फोरलेन में भूस्खलन रोकने के लिए आईआईटी रोपड़ की तकनीकी टीम ने निरीक्षण किया था। अब इसके लिए 32 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं, साथ ही टेंडर भी हो गए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।