Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों रोहतांग और कुंजुम दर्रा सहित लाहौल की कोकसर घाटी में वीरवार को बर्फबारी हुई। इसके अलावा राजधानी शिमला, चंबा में बूंदाबांदी हुई जबकि मैदानी जिलों में धूप खिली रही। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। कुछ जगह अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।
कुल्लू में बुधवार रात को जिला मुख्यालय के साथ कई इलाकों में बारिश हुई। वीरवार शाम को लाहौल की कोकसर घाटी की ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरे और निचले इलाकों में बारिश हुई। रोहतांग और कुंजुम दर्रा में बर्फ गिरने से तापमान में गिरावट आई है। इससे बीआरओ के बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हो रहा है। चंबा जिले में सुबह से ही बूंदाबांदी का क्रम जारी रहा। दोपहर को जिला मुख्यालय में हल्की धूप खिली और दोपहर बाद फिर बारिश शुरू हो गई। भरमौर और पांगी में भी हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, कांगड़ा और मंडी जिलों में हल्के बादल छाए रहे। राजधानी शिमला में दिन भर हल्के बादल छाए रहे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में नौ से 14 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। बुधवार रात को हमीरपुर में 26.5, नगरोटा सूरियां में 16.2, रोहड़ू में 15.0, सराहन में 10.0, बंजार-गुलेर में 8.2, कांगड़ा में 7.7, बरठीं में 6.5, धर्मपुर में 6.2, नारकंडा में 6.0, सांगला में 5.8 और ऊना में 5.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
बुधवार रात शिमला में न्यूनतम तापमान 12.6, कल्पा में 7.4, धर्मशाला में 13.8, ऊना में 16.0, नाहन में 17.0, केलांग में 8.2, सोलन में 15.0, मनाली में 13.1, कांगड़ा में 18.2, मंडी में 17.3, बिलासपुर में 18.4, हमीरपुर में 18.0, चंबा में 18.4, कुकुमसेरी में 7.3, नारकंडा में 8.3, रिकांगपिओ में 10.6, धाैलाकुआं में 21.6, बरठीं में 17.6, कसौली में 15.1, पांवटा साहिब में 24.0 और ताबो में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Tags: