हिमांचल प्रदेश : प्रदेश भर में आंदोलन के लिए तैयार कर्मियों को मिलेगा लाभ

विद्युत बोर्ड ने जारी की अधिसूचना

Update: 2022-07-10 04:00 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क : बिजली बोर्ड ने पंजाब की तर्ज पर संशोधित वेतनमान लागू कर दिया है। बिजली बोर्ड के सभी कर्मचारियों को अब पंजाब की तर्ज पर 2012 से वित्तीय लाभ मिलना शुरू हो जाएंगे। निदेशक मंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूर किया था। इसके बाद अब बोर्ड ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है। बिजली बोर्ड कर्मचारियों को इस फैसले के बाद बड़ी राहत मिलने वाली है। बोर्ड कर्मचारी लंबे समय से पंजाब की तर्ज पर वेतनमान की अदायगी की मांग कर रहे थे। इसे लेकर पूर्व में यूनियन ने बड़े स्तर प्रदर्शन का भी फैसला किया था। फिलहाल, इस मांग को मान लिए जाने के बाद कर्मचारियों को एरियर की बड़ी सौगात मिलने वाली है। कर्मचारियों के लिए संशोधित वेतनमान पहली अक्तूबर 2012 से मिलेगा।

संशोधित वेतनमान का लाभ दो साल के नियमित सेवाकाल के बाद मिलेगा। संशोधित वेतनमान लागू होने के बाद कर्मचारियों का ग्रेड पे अब बढक़र 10900 से 34800 के बीच रहेगा, जबकि ग्रेड पे 3400 होगा। बिजली बोर्ड प्रबंधन ने एरियर को दो चरणों में देने का फैसला किया है। ऐसे में इसे 50 फीसदी के अंतराल में विभाजित किया जाएगा। इसका निर्धारण बिजली बोर्ड आने वाले दिनों में करेगा। इसके साथ ही अनुबंध कर्मचारियों के लिए भी बिजली बोर्ड ने बड़ा ऐलान किया है। प्रदेश भर में करीब 1300 अनुबंध कर्मचारियों के लिए पहले बोर्ड ने मई महीने से संशोधित वेतनमान लागू करने का फैसला किया था, लेकिन अब इसे अन्य विभागों के कर्मचारियों की तर्ज पर ही पहली जनवरी से लागू कर दिया है। कर्मचारियों को इस नए फैसले से चार महीनों का फायदा होगा। प्रदेश भर में बिजली बोर्ड के करीब 16 हजार नियमित कर्मचारी हैं। यह सभी संशोधित वेतनमान के लिए लंबे समय से संघर्षरत थे। अब इस फैसले के बाद इन कर्मचारियों को सीधा फायदा मिलता नजर आ रहा है। हालांकि हेल्पर और टीमेट से जूनियर शब्द हटाने का फैसला फिलहाल नहीं हो पाया है और इस फैसले के फंसे होने की वजह से कर्मचारी संगठन आगामी दिनों में संघर्ष का रास्ता अपना सकते हैं। हालांकि बोर्ड ने यह दावा जरूर किया है कि सभी पदों को भर लिया जाएगा। (एचडीएम)
divyahimanchal


Tags:    

Similar News

-->