Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र में एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को आनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार देर रात छतरी गांव के पास राणा बाग में उस समय हुआ जब सेब की पेटियों से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो नेपाली मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक और एक अन्य नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया और 108 एम्बुलेंस सेवा सहित पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आनी अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़क की खस्ता हालत बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags: