हिमाचल में बदलेगा मौसम, 15 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी
पहाड़ों में बढ़ी ठिठुरन, हिमाचल में अंधड़ और बिजली का येलो अलर्ट
शिमला: हिमाचल प्रदेश में ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन में यहां पहली बार है, जब पारा माइनस में पहुंचा है। राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री की गिरावट आई है और यह सामान्य से 0.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक राज्य के अधिकांश इलाकों में अंधड़ चलने और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। 16 और 17 अक्टूबर को भी मौसम खराब रह सकता है, जबकि 18 अक्टूबर को मौसम साफ होने का अनुमान है। सोमवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ है और धूप खिली है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद केलांग में 0.7, ताबो में 1.4, कल्पा में 6.0, कुफरी में 7.1 और मनाली में 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
शिमला में न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री, पालमपुर में 11.0, भुंतर और बजौरा में 11.2-11.2, चंबा में 12.1, जुब्बड़हट्टी में 12.5 और सुंदरनगर में 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कांगड़ा में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री, सोलन में 13.5, बर्थिन में 13.8, ऊना में 15.0, मंडी में 15.5 और नेरी में 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री, नाहन में 16.7, देहरा गोपीपुर में 17.0, सराहन में 17.8, सेबाग में 19.2, बिलासपुर में 19.5 और पांवटा साहिब में 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
हमीरपुर के नेरी में सबसे ज्यादा 40 मिलीमीटर बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंडी जिले के नेरी में सर्वाधिक 40 मिलीमीटर बारिश हुई। कांगड़ा में 31.2 मिलीमीटर, सोलन जिले के कसौली में 30 मिलीमीटर, सराहन में 18.7 मिलीमीटर और देहरा गोपीपुर में 15.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
धर्मशाला में 12.1 मिलीमीटर, पालमपुर में 12.4, सोलन में 10.8, केलांग में 10, नाहन में 9.2, बिलासपुर में 7.8 और जुब्बड़हट्टी में 6.2 मिलीमीटर बारिश हुई। शिमला में 4.2, धौलाकुआं में 4.5, कुफरी में 3.2 और कुकुमसेरी में 2.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा हिमपात से ठंड बढ़ी है। सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने के बीच शिमला और मनाली में धूप खिली है। हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम के फिर करवट लेने की संभावना है।
15 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में अंधड़ चलने और बिजली गिरने का येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना भी है। 16 और 17 अक्टूबर को भी कई जगह मौसम खराब रह सकता है, हालांकि इन दोनों दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 18 अक्टूबर को मौसम साफ होने का अनुमान है।